छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये गंवाने और कर्ज हो जाने के बाद दो युवकों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग के कारण उन पर करीब 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने चोरी की।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम के रूप में हुई है। दोनों डोंगरगढ़ के ठाकुरटोला गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों ने करीब तीन महीने पहले गांव के ही दीपक वर्मा के घर की रेकी की थी और परिवार के बाहर जाने के बाद सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। चोरी के बाद दोनों सामान के साथ रायपुर आ गए थे और वहां किराये के मकान में रह रहे थे।

साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने लोकेशन ट्रेस करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। जांच में पता चला कि सुरेन्द्र साहू ऑनलाइन गेमिंग में करीब 10 लाख रुपये हार चुका था और लगातार हार से उस पर कर्ज का बोझ बढ़ गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक और चोरी का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि रायपुर में भी एक घर का ताला तोड़कर सोने के टॉप्स और झुमके चोरी किए गए थे, जिन्हें डोंगरगढ़ के मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखा गया था। पुलिस ने जांच के दौरान इन जेवरात को भी बरामद कर लिया है।