पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो में तियर नदी पर आजादी से पहले अंग्रेजी शासनकाल में बना पुल आज भी भारत-नेपाल सीमा के लोगों की आवाजाही का मुख्य रास्ता है। आबादी और वाहनों की संख्या कई गुना बढ़ने के बावजूद पुल की संरचना दशकों पुरानी है और अब यह जर्जर हो चुका है। मरम्मत के बाद इससे सिर्फ हल्के वाहन ही गुजर पाते हैं। पुल की चौड़ाई कम होने से एक समय में एक ही दिशा के वाहन पुल पार कर पाते हैं और दूसरी ओर वाहनों की कतार लग जाती है।
छौड़ादानो, बनकटवा और घोड़ासहन प्रखंड सहित आसपास के इलाकों के लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। शादी-विवाह का मुहूर्त शुरू होने के बाद बरातियों के वाहनों का काफिला पुल के दोनों ओर जमा हो जाता है, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो जाता है और लोगों को घंटों इंतजार के बाद पुल पार करना पड़ता है। इस दौरान नोकझोंक की स्थिति भी बन जाती है। इसका असर विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वालों पर पड़ता है। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहनों को भी परेशानी होती है।
बनकटवा और छौड़ादानो के ग्रामीण ललन सिंह, संजय सिंह, विकास सिंह, संजीव कुमार, हरिनाथ प्रसाद, दीनानाथ प्रसाद, बबलू कुमार, अनिल कुमार, अवधेश कुमार और बाल्मीकि यादव सहित कई लोग नए पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं।
बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डा. शमीम अहमद ने राज्य सरकार से तियर नदी पर पुराने पुल के समानांतर नया पुल बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पुल छौड़ादानो और बनकटवा प्रखंड सहित भारत और नेपाल के बीच आवागमन की महत्वपूर्ण कड़ी है। नेपाल के बारा, परसा और रौतहट जिलों के लोग इसी रास्ते से छौड़ादानो होते हुए मोतिहारी जिला मुख्यालय और बिहार के अन्य क्षेत्रों तक पहुंचते हैं। उन्होंने संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक सर्वेक्षण कराकर नए पुल के निर्माण की मांग की है।
