हरियाणा के फरीदाबाद में एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती के मामले में गिरफ्तार अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र के गांव जयतौली निवासी 23 वर्षीय रेहान की जेल में मौत हो गई। परिवार को 13 नवंबर को मौत की सूचना मिली थी। सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जिसे देखते ही पिता सत्तार अहमद बिलख पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस ने उनके बेटे को प्रताड़ित कर मार डाला। पिता के मुताबिक, पुलिस ने रेहान को आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेजा और दो नवंबर को रिमांड पर लेकर चार दिन तक प्रताड़ित किया, जिससे उसके पेट, आंतरिक अंगों और पैरों में गंभीर चोटें आईं। छह नवंबर को उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे परिवार को सूचना मिली कि रेहान की हालत बिगड़ गई है और उसे एम्स ले जाया जा रहा है, लेकिन वहां पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी। रेहान चार भाइयों और पांच बहनों में तीसरे नंबर का था और मंगलवार को उसका शव सुपुर्दे खाक कर दिया गया।

फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र के गांव फत्तेपुर तगा निवासी एक पूर्व सरपंच के घर में एक करोड़ रुपये से अधिक की डकैती हुई थी। मामले में फरीदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम 18 अक्टूबर को रहरा थाने में आमद दर्ज कराने के बाद गांव जयतौली पहुंची और रेहान को अपने साथ ले गई थी।

रहरा पुलिस के अनुसार, रेहान के खिलाफ रहरा थाने में हत्या और गैंगस्टर के मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के अन्य थानों में उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं बताया गया है। फरीदाबाद में उसके खिलाफ डकैती का एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी है। बताया जाता है कि 20 जनवरी 2025 को गांव जयतौली की ग्राम प्रधान नीतू उर्फ समा के ममेरे ससुर इशरत अली की दिनदहाड़े हत्या हुई थी, जिसमें रेहान और उसके बड़े भाई नाजिम आरोपित थे। रेहान जमानत पर जेल से बाहर आ गया था, जबकि नाजिम अन्य मुकदमों के चलते बुलंदशहर जेल में बंद है। करीब 22 महीने से जेल में बंद नाजिम को छोटे भाई के दफन में शामिल होने के लिए पैरोल मिली थी। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस कस्टडी में उसे जेल से गांव लाया गया और दफन में शामिल होने के बाद पुलिस उसे वापस जेल ले गई।