फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचाराधीन केंद्रीय मॉडर्न जेल के एक हवालाती के फरार होने की घटना सामने आई है। जेल सुपरिंटेंडेंट इकबाल सिंह धालीवाल के अनुसार, फरार हवालाती की पहचान जगदीप सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी धर्मकोट (मोगा) के रूप में हुई है। नशा तस्करी के मामले में जेल में बंद जगदीप सिंह को तबीयत खराब होने के कारण पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती कराया गया था और नियमानुसार उसकी सुरक्षा के लिए जेल गार्ड तैनात किए गए थे।
जेल सुपरिंटेंडेंट ने बताया कि रविवार देर रात सुरक्षा में तैनात गार्ड की कथित लापरवाही का फायदा उठाकर हवालाती फरार होने में कामयाब हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित कर दिया गया। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जेल प्रशासन ने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले सुरक्षा गार्ड और फरार हवालाती के खिलाफ मामला दर्ज करवाने के लिए पुलिस को शिकायत भेज दी है। इसके अलावा संबंधित सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
