फिरोजाबाद के सिरसागंज में शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे बरात के दौरान एक बड़ा हादसा हुआ। गांव दौलतपुर बैजुआ में प्राथमिक स्कूल के पास बग्घी का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्टेज की लाइन से छू गया, जिससे बग्घी में करंट दौड़ गया। इस दुर्घटना में दो बैंडकर्मियों और दो घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बैंडकर्मी झुलसकर घायल हो गया।
गांव निवासी सर्वेश वाल्मीकि की बेटी निशा की बरात मथुरा के फरह से आई थी। घटना के समय दूल्हा भी बग्घी में बैठा था, जिसे ग्रामीणों ने खींचकर बाहर निकाल लिया। दूल्हा सकुशल है। हादसे के बाद शादी समारोह में चीखपुकार मच गई।
मृतक बैंडकर्मियों की पहचान पप्पू निवासी मियां बाजार और अकील निवासी नगला राधे, थाना सिरसागंज के रूप में हुई है। घायल बैंडकर्मी को पुलिस ने सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार के अनुसार घायल की पहचान नहीं हो पाई है। जनता बैंड सिरसागंज से आया था। हादसे के बाद शादी सादगी के साथ संपन्न कराई गई।
