फिरोजाबाद जिले के कपावली गांव की ठार में शुक्रवार रात एक ममेरे देवर ने कथित तौर पर अपनी भाभी की पीटकर और गला घोंटकर हत्या कर दी। पति गौरव के मुताबिक आरोपित काफी समय से तनू शर्मा पर घर से भागने का दबाव बना रहा था और धमकी देता था कि वह किसी और की न होने देंगे। इसका विरोध करने पर ननिहाल में शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद दोनों परिवारों के संबंध खत्म हो गए थे।
शनिवार सुबह शादी समारोह में सजावट का काम करके लौटे पति को पत्नी का शव रसोई में पड़ा मिला। चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पति के अनुसार झगड़े के बाद आरोपित ने तनू की छह वर्षीय बेटी सौम्या और तीन वर्षीय बेटी परी को कमरे में सोने के लिए भेज दिया और वारदात को अंजाम देकर भाग गया। कमरे से बाहर आई बेटियों ने मां को जमीन पर पड़ा देखकर उन्हें नींद में समझा और हिलाकर जगाने की कोशिश करती रहीं। मां को पास न पाकर तीन माह की बेटी आराध्या भूख से रातभर रोती रही, जबकि दोनों बहनें उसे संभालने की कोशिश करती रहीं।
