गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड के बैलाझखड़ा गांव में करीब 15 वर्ष पहले बना उप स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य कर्मियों की पदस्थापना न होने के कारण आज तक शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार भवन बनने के बाद से यहां एक भी स्वास्थ्य कर्मी तैनात नहीं हुआ, जिससे लाखों रुपये की लागत से बना भवन बेकार पड़ा है। देखरेख के अभाव में भवन की खिड़कियां-दरवाजे खुले हैं, वहां झाड़ियां और गंदगी जमा है तथा असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है।
ग्रामीण नसीर अंसारी, मंसूर अंसारी, मुश्ताक अंसारी, सविता देवी और मुन्नी प्रजापति सहित अन्य लोगों ने बताया कि भवन बनते समय उम्मीद थी कि गांव में ही छोटी-मोटी बीमारियों का इलाज मिल सकेगा, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती न होने से यह उम्मीद पूरी नहीं हुई। सर्दी, बुखार और वायरल फीवर के इलाज के लिए ग्रामीणों को करीब चार किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डंडई जाना पड़ता है। प्रसव पीड़ा के समय गर्भवती महिलाओं को विशेष परेशानी होती है। बच्चों का टीकाकरण गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में हो जाता है, लेकिन अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ग्रामीण दूसरे अस्पतालों पर निर्भर हैं।
ग्रामीण गुलाम यासीन ने कहा कि भवन बने 15 वर्ष से अधिक हो गए, लेकिन आज तक एक भी स्वास्थ्य कर्मी की पदस्थापना नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। अमजद अंसारी ने स्वास्थ्य विभाग के उदासीन रवैये को केंद्र बंद रहने का कारण बताया। मकसूद अंसारी ने कहा कि केंद्र बंद रहने से प्रसव पीड़ित महिलाओं को दिक्कत होती है, खासकर रात में उन्हें तत्काल दूसरे अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी होती है। सेराज अंसारी के अनुसार केंद्र बंद रहने से टीकाकरण और सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए ग्रामीणों को भटकना पड़ता है।
सिविल सर्जन डॉ. जान एफ कनेडी ने कहा कि विभाग में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी है, लेकिन उक्त केंद्र को अविलंब चालू कराया जाएगा।
