गौतम बुद्ध नगर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान 2027 के तहत रविवार को जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में दूसरा विशेष अभियान चलाया गया। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने मतदेय स्थलों पर हेल्प डेस्क लगाकर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक फॉर्म-6, 7 और 8 प्राप्त किए। इस दौरान कुल 8504 फॉर्म जमा हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने पात्र नागरिकों से नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के आवेदन लिए तथा मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी भी दी। सबसे अधिक फॉर्म दादरी विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए, जहां फॉर्म-6 के 2612, फॉर्म-7 के 404 और फॉर्म-8 के 948 आवेदन मिले। नोएडा विधानसभा में फॉर्म-6 के 1571, फॉर्म-7 के 313 और फॉर्म-8 के 776 फॉर्म प्राप्त हुए, जबकि जेवर विधानसभा में फॉर्म-6 के 1513, फॉर्म-7 के 77 और फॉर्म-8 के 290 फॉर्म मिले। जिले में कुल फॉर्म-6 के 5696, फॉर्म-7 के 794 और फॉर्म-8 के 2014 आवेदन प्राप्त हुए।
फॉर्म-6 नए नाम जोड़ने के लिए, फॉर्म-7 डुप्लीकेट और स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने के लिए तथा फॉर्म-8 विवरण में सुधार व स्थान परिवर्तन के लिए भरा जाता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने अपील की है कि तकनीकी ज्ञान रखने वाले और जिनका बूथ घर से दूर है, ऐसे मतदाता ईसीआई नेट मोबाइल एप और आयोग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदेय स्थल पर जाकर अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट से वंचित न रहे।
