कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को देव दीपावली के अवसर पर गाजीपुर जिले के गंगा तट और शिवालय दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर 5100 दीप जलाए जाएंगे, जबकि मुहम्मदाबाद के बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 51 हजार दीप जलाने की तैयारी है। दोनों स्थानों पर सजावट, साफ-सफाई और आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में बताई जा रही हैं।
बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर मां गंगा सेवा संघ की ओर से 5100 दीप जलाए जाएंगे। घाट की सीढ़ियों पर रंगोली, दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग और बर्फ की सिल्लियों से देवी-देवताओं की आकृतियां बनाई जाएंगी। नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर की पहल पर घाट के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी पूरी करा ली गई है। बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर का विशेष श्रृंगार और पूजन-अर्चन होगा। आयोजन का शुभारंभ एसडीएम ज्योति चौरसिया और नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर करेंगी। मां गंगा सेवा संघ के कार्यकारी सदस्य राजेंद्र कुशवाहा ने बताया कि घाट की सजावट और अन्य तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
मुहम्मदाबाद के बैजलपुर स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर में देव दीपावली पर 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके लिए मंदिर परिसर से लेकर एनएच-31 स्थित महादेवा मोड़ तक झालर-बत्तियों से सजावट की जा रही है। मंदिर परिसर फूल-मालाओं से सजाया जाएगा और अंदर-बाहर आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। आयोजक आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी ने बताया कि आयोजन समिति की ओर से 51 हजार दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालु भी अपने घरों से दीप लाकर परिसर में प्रज्वलित करेंगे। इस अवसर पर गंगा आरती का भी आयोजन होगा।
