पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर यातायात निगरानी मजबूत करने के लिए 18 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से लगाए जाने वाले इन कैमरों को इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) से जोड़ने की योजना है। इसका उद्देश्य फ्लाईओवर पर जाम कम करना और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना है।

गीता कॉलोनी फ्लाईऊवर यमुनापार को राजघाट, आइटीओ, दरियागंज और मध्य दिल्ली के अन्य इलाकों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। व्यस्त समय में वाहन खराब होने, दुर्घटना या सड़क पर किसी अन्य बाधा के कारण यहां लंबी कतारें लग जाती हैं। कई बार फ्लाईओवर पर लगा जाम आसपास की सड़कों और संपर्क मार्गों को भी प्रभावित करता है।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, कैमरों से फ्लाईओवर और यमुना पुल के विभिन्न हिस्सों की लाइव तस्वीरें मिल सकेंगी। इससे जाम की स्थिति, वाहनों की आवाजाही और सड़क पर किसी बाधा का पता समय रहते लगाया जा सकेगा। निगरानी के आधार पर संबंधित एजेंसियां यातायात नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने में सक्षम होंगी।

यह व्यवस्था दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर तकनीक आधारित यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। जाम में वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से होने वाले प्रदूषण को कम करने और व्यस्त मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने में भी इससे मदद मिलने की उम्मीद है।