गाजीपुर के औड़िहार-वाराणसी रेलखंड स्थित सिधौना रामपुर हाल्ट पर सात महीने बाद टिकटों की बिक्री फिर से शुरू हो गई है। लंबे समय से यहां टिकट न मिलने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से टिकट लेने में परेशानी उठानी पड़ रही थी। सिधौना निवासी विनय सिंह के प्रयास से रेल प्रशासन ने यहां टिकट बिक्री बहाल की।

सोमवार को विधिवत पूजा-पाठ के बाद मुख्य अतिथि भाजपा की प्रांतीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य रामतेज पांडेय ने बुकिंग घर के मुख्य द्वार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलवे सुविधाओं के विस्तार से यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर का अवसर मिल रहा है।

वाराणसी से आए रेलवे प्रशासन के राकेश कुमार श्रीवास्तव ने यात्रियों से टिकट लेकर यात्रा करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और बाजारवासियों ने चार पैसेंजर ट्रेनों के अलावा अन्य ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने तथा कोरोना काल में बंद ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई।

इस अवसर पर शिवाजी मिश्रा, विजयी सिंह, भूपेंद्र सिंह, बलमुनि राम, शर्मा प्रसाद, लालबहादुर यादव, राकेश मिश्रा आदि मौजूद रहे।