नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में आज एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट देखी गई। सोना 3,000 रुपये से अधिक सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में 6,000 रुपये से ज्यादा की कमी आई। बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना से कीमती धातुओं पर दबाव बना है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की हालिया बैठक का ब्योरा आने वाला है, जिससे मौद्रिक नीति के परिदृश्य पर बैंक का रुख साफ होगा।

एमसीएक्स पर 4 दिसंबर डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,34,223 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था और आज 1,31,622 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 3,158 रुपये की गिरावट के साथ 1,31,065 रुपये तक फिसला। सोने की कीमत में यह लगातार तीसरे सत्र की गिरावट है। इसी तरह 4 दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 6,169 रुपये की गिरावट के साथ 1,63,533 रुपये प्रति किलो तक आ गई। पिछले सत्र में यह 1,69,702 रुपये पर बंद हुई थी और आज 1,67,301 रुपये पर खुली। लगातार तीन सत्र की गिरावट के बाद चांदी की कीमत पिछले सत्र में बढ़ी थी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड 1.4 प्रतिशत गिरावट के साथ 3,796.37 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि दिसंबर डिलीवरी के लिए यूएस गोल्ड फ्यूचर 1.7 प्रतिशत गिरकर 3,799.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

फिजिकल मार्केट में भी कीमतें नीचे आईं। गुडरिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट सोना 2,780 रुपये की गिरावट के साथ 1,33,260 रुपये पर आ गया। 22 कैरेट गोल्ड 2,550 रुपये नीचे 1,22,150 रुपये पर और 18 कैरेट गोल्ड 2,090 रुपये की गिरावट के साथ 99,940 रुपये पर कारोबार कर रहा है। चांदी भी 5,000 रुपये की गिरावट के साथ 1,85,000 रुपये पर आ गई। दिल्ली में सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 1,400 रुपये गिरकर 1.38 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी पांच प्रतिशत टूटकर 1.69 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के एक साल के निचले स्तर पर रही। 9 नवंबर से अब तक सोने में 8,300 रुपये यानी लगभग छह प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।