गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र के जागीरी टोला गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गांव निवासी दूधनाथ सिंह की पुत्री रमी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसकी शादी आगामी मार्च महीने में मीरगंज थाना क्षेत्र के महैचा गांव में होनी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था।

पुलिस के अनुसार, वारदात को युवती के घर से कुछ ही दूरी पर अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस घटनास्थल का जायजा लेते हुए वारदात से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की हत्या किस कारण से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आपसी रंजिश सहित अन्य संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की खुशियां होनी थीं, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।