गोरखपुर में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर की टक्कर से चौरी-चौरा निवासी ओंकार सिंह के बड़े बेटे की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार तीन पीढ़ियों बाद ओंकार सिंह को दो बेटे हुए थे। स्वजन और स्थानीय लोगों ने पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई और करीब चार घंटे तक सड़क जाम रखा।

स्थानीय पार्षद रणवीजय जुगुनु के नेतृत्व में मोहल्ले के लोग, स्वजन और भाजपा कार्यकर्ता झारखंडी मोड़ पर धरने पर बैठ गए, जिससे गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर यातायात ठप हो गया और दोनों तरफ तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। जिलाधिकारी और एसएसपी के पहुंचने तथा आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद दोनों अधिकारी पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचे, जहां भाजपा के जिला महामंत्री योगेश प्रताप सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देश पर देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।

ओंकार सिंह झारखंडी के आवास-विकास कालोनी में मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। स्वजन के अनुसार सभा, रैली या रोड शो में बैकहो लोडर शामिल करने का नियम नहीं है, इसके बावजूद अखिलेश यादव के रोड शो में बड़ी संख्या में बैकहो लोडर शामिल हुए और आयोजकों व कार्यकर्ताओं ने इनसे पुष्प वर्षा कराई।

कार्यक्रम समाप्त होने और रोड शो आगे निकलने के बाद चालक बैकहो लोडर तेज रफ्तार से दौड़ाते नजर आए। जिस बैकहो लोडर से युवक की मौत हुई, उसका चालक भी हादसे के बाद वाहन लेकर तेजी से भागने लगा। घटना देख रहे एक यूट्यूबर ने चालक को रोकने के लिए चिल्लाते हुए बताया कि उसने युवक को कुचल दिया है, जिसके बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैकहो लोडर को कब्जे में ले लिया।