गोरखपुर के पीपीगंज में बाइक सवार युवकों द्वारा स्टंटबाजी के दौरान एक किशोरी पर जलता पटाखा फेंके जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चलती बाइक से फेंके गए पटाखे की चपेट में आने से किशोरी के पैर में गंभीर चोट आई। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीपीगंज (गोरखपुर)। नगर पंचायत पीपीगंज के वार्ड नंबर 13 श्याम नगर में बाइक सवार युवकों की स्टंटबाजी के दौरान एक किशोरी पटाखे की चपेट में आकर घायल हो गई। आरोप है कि युवकों ने चलती बाइक से किशोरी के ऊपर जलता हुआ पटाखा फेंक दिया, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई।
श्याम नगर निवासी मीनू देवी पत्नी राकेश ने पीपीगंज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आठ नवंबर की शाम सात बजे उनकी 16 वर्षीय बेटी दीपिका कुमारी घर से थोड़ी दूर खड़ी थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और स्टंटबाजी करने लगे। आरोप है कि इसी बीच युवकों ने जलता हुआ पटाखा उनकी बेटी के ऊपर फेंक दिया। पटाखे की चपेट में आने से दीपिका के पैर में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मीनू देवी ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संदीप, साहुल और मंदीप के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
