सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। इनमें से एक संविधान संशोधन विधेयक होगा। सूत्रों के अनुसार विधेयकों में हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का स्पष्ट उल्लेख होगा। संविधान संशोधन विधेयकों के लिए 50 प्रतिशत राज्य विधानसभाओं की मंजूरी अनिवार्य नहीं है, लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार परंपरा के तहत ऐसा करेगी।

सरकार की योजना के मुताबिक पहले परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े वे दो विधेयक वापस लिए जाएंगे, जो फिलहाल लोकसभा में लंबित हैं। इन्हें वापस लेने के बाद चर्चा और पारित कराने के लिए तीन नए विधेयक पेश किए जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि चर्चा के लिए करीब 10-12 घंटे और मतदान के लिए लगभग पांच घंटे निर्धारित किए जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि सरकार को इन विधेयकों के पारित होने का भरोसा है। एक सूत्र ने कहा कि कई दलों और उनके नेताओं से पहले ही सलाह-मशविरा कर लिया गया है और उनका आश्वासन मिलने के बाद ही विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया गया है।

संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। सूत्रों के अनुसार लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी, जबकि निर्वाचन क्षेत्रों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित होगा। यह व्यवस्था दक्षिणी राज्यों की आशंकाएं दूर करने के लिए की गई है, जिन्हें डर है कि मौजूदा आबादी के आधार पर सीमाएं तय होने पर उन्हें नुकसान हो सकता है।

दूसरा विधेयक लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से संबंधित होगा, जबकि तीसरा विधेयक केंद्र शासित प्रदेशों के लिए होगा। सूत्रों ने कहा कि पुनर्निर्धारण वाला नया विधेयक अप्रैल में लोकसभा में गिरे विधेयक से काफी अलग है। संविधान के कम से कम आठ अनुच्छेदों में बड़े संशोधन किए जाएंगे। लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह जैसे छोटे केंद्र शासित प्रदेशों में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का नियम लागू नहीं होगा, जबकि नगालैंड और मिजोरम जैसे राज्यों में यह फार्मूला लागू किए जाने की संभावना है, जहां सीटों की संख्या एक से बढ़ाकर दो की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए परिसीमन आयोग का तुरंत गठन किया जाएगा।