ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव थाने के बाथरूम के अंदर मिला है। 2023 बैच की इस अधिकारी की अचानक मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पुलिस कमिश्नरेट में अफरा-तफरी का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान ही रश्मि गौतम की तबीयत बिगड़ी और वह बाथरूम गई थीं, जहां उनका शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस को उनके शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
सूचना मिलने पर एडीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों की टीम ने सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
