ग्रेटर नोएडा की जारचा कोतवाली में तैनात महिला दरोगा रश्मि गौतम की लाश सरकारी आवास के बाथरूम में पड़ी मिली। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

मूल रूप से कानपुर की रहने वाली रश्मि गौतम 2023 बैच की दरोगा थीं और कोतवाली परिसर में बने आवास में रहती थीं। मंगलवार सुबह वह घर के बाथरूम में बेहोश पड़ी मिलीं। बताया जा रहा है कि उनके पिता ने सुबह कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उन्होंने रश्मि की एक सहयोगी को फोन कर आवास पर जाकर पता लगाने को कहा। सहयोगी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन वह नहीं खुला, जिसके बाद थाना प्रभारी को जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो महिला दरोगा बाथरूम में फर्श पर अचेत पड़ी मिलीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक आने की संभावना जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिवार को सूचना दे दी गई है।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और शव मिलने की परिस्थितियों तथा अन्य जरूरी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। युवा महिला सब इंस्पेक्टर की असामयिक मौत से सहकर्मियों और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।