गुमला शहर में जल्द ही सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक आयोजनों के लिए अत्याधुनिक मॉडल नगर भवन बनने वाला है। नगर परिषद की ओर से पर्यटन भवन के पीछे करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर नौ करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण कराया जाएगा। नगर परिषद ने निर्माण के लिए जमीन चिह्नित कर विस्तृत रिपोर्ट विभाग को भेज दी है। विभागीय स्तर पर प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

प्रस्तावित भवन में करीब 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पूरा हॉल वातानुकूलित रहेगा, जिसमें अत्याधुनिक साउंड प्रूफ सिस्टम और बड़े प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। आयोजनों में शामिल होने वालों के लिए आरामदायक कुर्सियां रखी जाएंगी। इसके अलावा वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग जोन, आधुनिक शौचालय और शुद्ध पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

गौरतलब है कि शहर में संचालित पुराना टाउन हॉल जर्जर होता जा रहा है। बढ़ती आबादी और शहर की जरूरतों को देखते हुए लंबे समय से आधुनिक नगर भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने मॉडल नगर भवन बनाने की योजना तैयार की है।

नए भवन का उपयोग बड़े सांस्कृतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यक्रमों के आयोजन में किया जा सकेगा। भवन को विभिन्न आयोजनों के लिए किराये पर भी दिया जाएगा, जिससे नगर परिषद को नियमित आय का स्रोत मिलेगा। नगर परिषद के ईओ मनीष कुमार के अनुसार, पर्यटन भवन के पीछे डेढ़ एकड़ में जमीन चिह्नित कर विस्तृत रिपोर्ट विभाग को भेज दी गई है। भवन तैयार होने पर शहरवासियों को इसकी काफी सुविधा मिलेगी।