गुरुग्राम में बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार को देखते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सीवर नेटवर्क को मजबूत करने के लिए करीब 700 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इस योजना के तहत शहर में चार नए सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) बनाए जाएंगे और दो मौजूदा संयंत्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। जीएमडीए के एक्सईएन विभोर दूहन के अनुसार परियोजनाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और ये टेंडर 26 नवंबर को खुलेंगे।
योजना के अनुसार धनवापुर, बहरामपुर और सेक्टर-107 में 100-100 एमएलडी क्षमता के तीन नए एसटीपी विकसित किए जाएंगे, जिससे शोधन क्षमता में 300 एमएलडी की अतिरिक्त बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता का नया एसटीपी बनेगा। अधिकारियों के अनुसार नौरंगपुर संयंत्र की अनुमानित निर्माण लागत 75 करोड़ रुपये है और इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हाई पावर वर्क्स कमेटी में टेंडर रेट को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा। साथ ही बहरामपुर और धनवापुर के मौजूदा एसटीपी की क्षमता में 100-100 एमएलडी की बढ़ोतरी की जाएगी।
फिलहाल गुरुग्राम में बहरामपुर, धनवापुर, जहाजगढ़ और आइएमटी मानेसर में कुल 433 एमएलडी क्षमता के एसटीपी संचालित हैं। इनमें बहरामपुर की क्षमता 170 एमएलडी, धनवापुर की 218 एमएलडी, जहाजगढ़ की 20 एमएलडी और आइएमटी मानेसर की 25 एमएलडी है। नए संयंत्रों और क्षमता विस्तार की परियोजना पूरी होने पर शहर की कुल शोधन क्षमता 433 एमएलडी से बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक नए एसटीपी से तेजी से विकसित हो रहे आवासीय क्षेत्रों में सीवेज निस्तारण की समस्या दूर करने में मदद मिलेगी। यमुना एक्शन प्लान की बैठकों में भी एसटीपी की क्षमता बढ़ाने और नालों में गंदा पानी न छोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। क्षमता बढ़ने से नालों में सीवरयुक्त पानी नहीं पहुंचेगा और शोधित पानी का इस्तेमाल उद्योगों व निर्माण कार्यों में बढ़ाया जाएगा। शहर के पार्कों में भी शोधित पानी की लाइनें बिछाई जा रही हैं, ताकि सिंचाई में पीने का पानी इस्तेमाल न हो।
