गुरुग्राम के सेक्टर-69 और आसपास के इलाकों में एचएसवीपी की मुख्य वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त होने से रविवार को पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। लाइन टूटने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवागमन में भारी बाधा पैदा हुई। सेक्टर-69 और आसपास की करीब 10 सोसायटियों के हजारों निवासियों तथा स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लाइन किस कारण और कैसे क्षतिग्रस्त हुई, इसकी जांच की जा रही है।

स्थानीय निवासी इंजीनियर आरके जायसवाल का कहना है कि सड़क पर जमा गंदा पानी देखकर ऐसा लगता है मानो बिना वर्षा के ही बाढ़ आ गई हो। निवासियों, राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। क्षेत्र में यह समस्या नई नहीं है। कभी किसी सोसायटी की वाटर सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो कभी एचएसवीपी की मुख्य पाइपलाइन जवाब दे जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश मामलों में पाइपलाइन टूटने के वास्तविक कारण सार्वजनिक नहीं किए जाते और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होती नहीं दिखती। उन्होंने मांग की है कि केवल मरम्मत कर पानी की आपूर्ति बहाल करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लाइन बार-बार क्यों क्षतिग्रस्त हो रही है, इसकी जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।

क्षेत्रवासियों ने उचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है, ताकि हर बार पाइपलाइन टूटने पर पानी की किल्लत और सड़कों पर जलभराव की दोहरी मार न झेलनी पड़े।