गुरुग्राम नगर निगम शहर में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था सुधारने के लिए सेंसर आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना बना रहा है। ये डस्टबिन शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। इनमें फिल सेंसर लगाए जाएंगे, जो कचरे के स्तर की लगातार निगरानी करेंगे और डस्टबिन भरने से पहले ही नगर निगम को अलर्ट मिल जाएगा। इसके बाद संबंधित सफाई टीम को कचरा उठाने के लिए भेजा जा सकेगा।
प्रस्तावित स्मार्ट डस्टबिन सामान्य कूड़ेदानों से अलग होंगे। इनमें भूमिगत हाइड्रोलिक स्टोरेज सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कचरा जमीन के नीचे व्यवस्थित तरीके से एकत्र हो सकेगा। योजना का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने और डस्टबिन के बाहर गंदगी फैलने की समस्या को कम करना है।
नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज के अनुसार, निगम का प्रयास है कि तकनीक के इस्तेमाल से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और कचरा फैलने की समस्या पर नियंत्रण किया जा सके। शहर में 36 वार्ड और छह जोन हैं तथा सफाई व्यवस्था के लिए दस से अधिक एजेंसियां काम कर रही हैं।
उधर, शहर के बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में सामान्य डस्टबिन की उपलब्धता एक बड़ी समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर कूड़ेदान पर्याप्त संख्या में नहीं हैं और कई टूट चुके हैं या खराब स्थिति में हैं। शहर के करीब 21 मार्केट सेक्टरों में सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजारों की सफाई व्यवस्था भी चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में स्मार्ट डस्टबिन के साथ मौजूदा कूड़ेदानों की संख्या बढ़ाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की भी जरूरत बताई जा रही है।
