हरियाणा के हांसी में जमीन विवाद के चलते पूर्व सरपंच पर हमले का मामला सामने आया है। सदर थाना पुलिस ने मौजूदा सरपंच समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ढाणी कुम्हारान के 70 वर्षीय पूर्व सरपंच नंदलाल ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद की रंजिश में उन पर घात लगाकर हमला किया गया। उनका हांसी के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। नंदलाल दो बार सरपंच रह चुके हैं।

अपने बयान में नंदलाल ने बताया कि 20 नवंबर को सुबह करीब पौने पांच बजे वह सैर पर निकले थे। पांच बजे ढाणा खुर्द रोड पर भिवानी बाईपास पुल के नीचे सुरेंद्र उर्फ बदलू, अनूप, दिलबाग, गुलशन और कर्मबीर खड़े मिले। आरोप है कि इन लोगों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। आरोप है कि सुरेंद्र ने हाथों पर और कर्मबीर ने पैरों पर लोहे की रॉड से वार किए, जबकि अन्य आरोपितों ने लात-घूंसों से पीटा। नंदलाल का कहना है कि हमले में उनके दोनों हाथ-पैर टूट गए।

नंदलाल के अनुसार, वाहन की रोशनी देखकर हमलावर धमकी देते हुए मौके से चले गए। उन्होंने अपने बेटे ऋषि को फोन किया, जिसने डायल-112 पर सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।