हांसी में जाट धर्मशाला के सामने पुराने हाईवे पर महीनों से गड्ढों से जूझ रहे वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है। रविवार को सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में ब्लॉक बिछाने का काम शुरू कर दिया गया। निर्माण के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कुछ दूरी तक यातायात को दूसरे रास्ते पर डायवर्ट किया है।

इस मार्ग पर कुछ महीने पहले जनस्वास्थ्य विभाग ने जल निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई थी, जिसके लिए सड़क की खोदाई की गई थी। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद सड़क पहले जैसी नहीं हो सकी और खोदाई वाले हिस्से में गहरे गड्ढे बन गए। आसपास की सड़क भी क्षतिग्रस्त होती गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई थी। गड्ढों में पानी भरने पर उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता था और रात में गड्ढे दिखाई न देने से हादसे का खतरा बना रहता था।

सड़क की बदहाली से परेशान जय हिंद रिक्शा चालक यूनियन के सदस्यों ने खुद गड्ढे भरने की पहल की थी। प्रधान सुनील मौजिका और सचिव अरुण कुमार सहित सदस्यों ने मिट्टी और बजरी डालकर रास्ते को चलने लायक बनाने का प्रयास किया था। यूनियन ने संबंधित विभाग से स्थायी मरम्मत की मांग उठाई थी, ताकि रोजाना यहां से गुजरने वालों को परेशानी न हो।

सड़कों की बदहाली पर लगातार समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और गड्ढे भरने तथा मरम्मत का काम शुरू हुआ। अब क्षतिग्रस्त हिस्से में ब्लॉक लगाए जा रहे हैं, जिससे गड्ढों के बीच से वाहन निकालने की मजबूरी दूर होने की उम्मीद है। स्थानीय लोग मरम्मत पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि पुराने हाईवे पर आवागमन सुगम हो सके।