समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच हापुड़ की जिला कार्यकारिणी और सभी फ्रंटल संगठनों की कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की ओर से जारी निर्देश के तहत यह कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही पार्टी की राष्ट्रीय और प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल हापुड़ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी भंग कर दिया गया है।
कमेटियां भंग किए जाने के पीछे संगठनात्मक कमजोरी को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है। हालांकि पार्टी के कुछ पदाधिकारी इसे नियमित संगठनात्मक प्रक्रिया बता रहे हैं। यह फैसला आगरा में पीडीए सम्मेलन के दो दिन बाद आया है, जिसे अप्रत्याशित माना जा रहा है। संगठन की तमाम कमेटियां भंग होने से पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में हलचल मच गई है।
इस निर्णय के पीछे मुख्य कारण गढ़मुक्तेश्वर सीट पर दावा ठोक रही नैना गुर्जर और निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर के बीच टकराव को माना जा रहा है। दोनों गढ़मुक्तेश्वर सीट से दावेदारी कर रहे हैं। नैना गुर्जर पर दो दिन पहले पार्टी का जाब वर्क करने वाले कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा था। इसको लेकर सोमवार को नैना गुर्जर और उनके पति नीरज सिंह ने दिल्ली में अखिलेश यादव और डिंपल यादव से मुलाकात की थी। चर्चा है कि उस मुलाकात में जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर और उनके साथियों को पार्टी विरोधी बताने के साथ ही कई साक्ष्य सौंपे गए। नैना गुर्जर पर लगे आरोपों का ठीकरा भी जिलाध्यक्ष पर फोड़ा गया।
निवर्तमान जिलाध्यक्ष बबलू गुर्जर ने कहा कि हाईकमान के निर्देश पर जिले की सभी कमेटियां भंग की गई हैं। यह अप्रत्याशित निर्णय है। कल तक सब ठीक था, एकाएक यह आदेश आया है। मैं कल नेताजी से बात करूंगा, तब कारण का पता चलेगा। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और पार्टी की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा।
