हापुड़ में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में सरकारी और निजी विद्यालयों की मासिक जांच की कवायद शुरू की गई है। जिले में 498 परिषदीय, चार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय और 16 माध्यमिक विद्यालय हैं। वहीं, मान्यता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थानों में हर महीने 100 विद्यालयों की जांच कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। जांच में सुविधाओं और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन की जमीनी हकीकत परखी जाएगी।
बीएसए दीपा भाटी के अनुसार तहसील स्तर पर टीम बनाई जाएगी, जो हर महीने विद्यालयों का निरीक्षण कर शासन को रिपोर्ट भेजेगी। छात्राओं के लिए विद्यालयों में एमएचएम कॉर्नर बनाना होगा, जहां सैनेटरी नैपकिन, इनरवियर, यूनिफार्म और जागरूकता संबंधी पोस्टर उपलब्ध रखने होंगे। नैपकिन वितरण के लिए वेंडिंग मशीन और नोडल शिक्षिका की व्यवस्था भी जरूरी होगी। इस्तेमाल किए गए नैपकिन के सुरक्षित निस्तारण और जरूरत पड़ने पर छात्राओं के लिए सुरक्षित कक्ष की उपलब्धता भी जांची जाएगी।
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय, दरवाजों पर कुंडी, खिड़कियां, पानी, साबुन और नियमित सफाई की स्थिति देखी जाएगी। सफाईकर्मियों की तैनाती और वैकल्पिक व्यवस्था का ब्योरा भी लिया जाएगा। दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए सुगम शौचालय समेत अन्य जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता पर भी जवाबदेही तय होगी।
बच्चों की शिकायतों और सुझावों को भी निरीक्षण में शामिल किया जाएगा। अधिकारी उनसे सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानेंगे और पहचान गोपनीय रखेंगे। इसके लिए ब्लाक स्तर पर ई-मेल आइडी बनाई जाएगी, जिसे जल्द ही विद्यालयों में चस्पा कराया जाएगा। कमी होने या सुविधा न मिलने पर छात्र-छात्राएं अपनी पहचान गुप्त रखकर इस ई-मेल आइडी पर सीधे शिकायत और सुझाव भेज सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर साल में कम से कम एक बार सभी विद्यालयों की तय सीमा पर अनिवार्य जांच भी होगी।
