एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में दोहा में भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच खेले गए मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कई बार तीखी बहस और तनातनी देखने को मिली। इस मुकाबले में पाकिस्तान ए ने 48 रनों से जीत हासिल की। मैच में हुई इस झड़प को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने नाराजगी जाहिर की है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) से कार्रवाई की मांग की है।
एचएसबीसी गोल्फिंग लीग के लॉन्च के मौके पर हरभजन सिंह ने कहा कि मैच के दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों का बर्ताव बिल्कुल सही नहीं था। उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह आने वाली पीढ़ी के लिए बुरा उदाहरण पेश करता है। उन्होंने कहा कि आईसीसी और टूर्नामेंट से जुड़े बोर्ड को इस पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों का युवा प्रशंसकों और उभरते खिलाड़ियों पर गहरा असर पड़ता है। पूर्व क्रिकेटर ने कहा कि आईसीसी को इस मामले में एक्शन भी लेना चाहिए।
मैच में पहली गेंद से ही तनाव शुरू हो गया था, जो आखिर तक जारी रहा। भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा की पाकिस्तान के ओपनरों के साथ तीखी बहस हुई। राणा ने ओपनर हुसैन को आउट करने के बाद उन्हें आक्रामक अंदाज में विदा किया और रोहेल नज़ीर को आउट करने पर भी आक्रामक जश्न मनाया। दूसरी पारी में जब हर्षित राणा आउट हुए, तो पाकिस्तान के स्पिनर सुफियान मुकीम ने उन्हें आक्रामक विदाई दी।
