रायपुर में मंगलवार से अंडर-11 आयु वर्ग की राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप शुरू हुई है, जिसमें 30 राज्यों के 250 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से पांच खिलाड़ी इसमें प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें नैनीताल की आन्या बिष्ट और सार्थक जोशी भी शामिल हैं।
मंगलवार को जब ये खिलाड़ी स्पर्धा में उतरे, तो पता चला कि उन्हें आधिकारिक जर्सी नहीं मिली है, जबकि दूसरे राज्यों के खिलाड़ी अपनी आधिकारिक ड्रेस में कोर्ट पर उतर रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में बिना पुख्ता तैयारी खिलाड़ियों को भेजने पर एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस स्पॉन्सर के साथ ड्रेस के लिए करार किया गया था, उसके पास पर्याप्त स्टॉक नहीं था, इसलिए खिलाड़ियों को ड्रेस नहीं दी जा सकी। उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने कहा कि मामला संज्ञान में है और किन्हीं वजहों से स्पॉन्सर ड्रेस उपलब्ध नहीं करा पाया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लौटने पर हरिद्वार में उन्हें ड्रेस सौंपी जाएगी।
