हरदोई जिला प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च स्तरीय शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल लाइब्रेरी योजना के दूसरे चरण को गति दे रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया उपाध्याय ने बावन और भरखनी विकास खंड को छोड़कर जिले के सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को पत्र जारी कर दो दिन के भीतर स्थलीय सत्यापन रिपोर्ट मांगी है। इसके तहत जिले की 217 ग्राम पंचायतों में ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी।
डीपीआरओ के अनुसार पहले चरण की ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब दूसरे चरण का कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू करने के लिए पूर्व में चयनित 217 ग्राम पंचायतों का पुनः भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि प्रथम और द्वितीय चरण की सूची में किसी भी ग्राम पंचायत का दोहराव न हो। सत्यापन कार्य पूरा कर पंचायत सहायक के नाम व मोबाइल नंबर सहित पूरी रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप पर दो दिन के भीतर हार्डकापी में कार्यालय में जमा करानी होगी। यदि किसी ग्राम पंचायत के नाम में संशोधन की आवश्यकता होगी, तो उसका स्पष्ट कारण भी बताना होगा।
सत्यापन के लिए 16 कालम का विस्तृत प्रारूप जारी किया गया है। संबंधित ब्लाक के अधिकारी मौके पर जाकर जांच करेंगे कि पंचायत भवन आबादी से कितनी दूरी पर है, वहां कितने कमरे व हाल उपलब्ध हैं और भवन की स्थिति कैसी है। पुस्तकों, फर्नीचर और महंगे आईटी उपकरणों की सुरक्षा को देखते हुए भवन की मजबूती और पूर्व में किसी चोरी की घटना का रिकार्ड भी खंगाला जाएगा।
डीपीआरओ ने निर्देश दिए हैं कि लाइब्रेरी के लिए चयनित पंचायत भवनों में निर्बाध बिजली कनेक्शन, वाई-फाई या ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्टिविटी, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित दरवाजे-खिड़कियां होना अनिवार्य है। यदि किसी पंचायत भवन में रंगाई-पुताई, फर्श, छत या वायरिंग की मरम्मत की आवश्यकता पाई जाती है, तो उपलब्ध वित्तीय संसाधनों से प्राथमिकता के आधार पर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि बच्चों और किशोरों को पढ़ाई के लिए एक स्वच्छ और सुरक्षित माहौल मिल सके।
