हरदोई के ग्राम महुईपुरी में शुक्रवार शाम एक जन्मदिन पार्टी में तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध करने पर चचेरे भाइयों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विरोध से नाराज होकर एक युवक को घेरकर पीटा गया, और उसे बचाने पहुंचे माता-पिता पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता शेखरन उर्फ गुड्डू की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ज्ञाना का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी निवासी प्रेमपाल के घर शुक्रवार शाम उनकी भांजी सोना की बर्थडे पार्टी चल रही थी, जहां घर के बाहर तेज आवाज में डीजे बज रहा था। पिंकू ने तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध किया और इसके बाद वह पास की दुकान पर गुटखा लेने चला गया। आरोप है कि लौटते समय रास्ते में प्रेमपाल, सोनपाल, किशोर, छोटे भइया, शिवम और दो अन्य रिश्तेदारों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।

बेटे की चीख-पुकार सुनकर पिता शेखरन उर्फ गुड्डू और मां ज्ञाना उसे बचाने दौड़े। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। पिंकू ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सौ शैय्या चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शेखरन को मृत घोषित कर दिया।

सीओ सिटी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआइआर दर्ज कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शेखरन सूप बनाकर और बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे और पांच बेटियां हैं। पिता की मौत से बच्चों के सिर से सहारा छिन गया है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।