हरियाणा में किसानों के लिए बनाए गए एग्रो मॉल अब सरकारी दफ्तरों के रूप में इस्तेमाल किए जाएंगे। पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित एग्रो मॉल भवन की 91 दुकानें सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों को किराए पर देने की तैयारी है। इन दुकानों का किराया 40 रुपये प्रति वर्ग फुट तय किया गया है।

पूर्ववर्ती भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार के कार्यकाल में पंचकूला, रोहतक, करनाल और पानीपत में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से एग्रो मॉल बनाए गए थे। हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड ने इनका निर्माण 2008 में शुरू किया था और काम 2013-14 में पूरा हुआ। किसानों के उत्पादों की खरीद-बिक्री के लिए बने इन मॉल का सदुपयोग कभी नहीं हो पाया।

अब मार्केटिंग बोर्ड ने पंचकूला स्थित एग्रो मॉल भवन के उपयोग को लेकर सरकारी विभागों और बोर्ड-निगमों को प्रस्ताव दिया है। भवन की भूतल पर 71 दुकानें हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल लगभग 1577.32 वर्ग मीटर है, जबकि तीसरी मंजिल पर 20 दुकानों का कुल क्षेत्रफल लगभग 1206.67 वर्ग मीटर बताया गया है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सभी विभागाध्यक्षों और बोर्ड-निगमों के मुख्य प्रशासकों एवं प्रबंध निदेशकों को इस संबंध में जानकारी दी गई है।

मुख्य सचिव ने इच्छुक विभागों, बोर्डों और निगमों से कहा है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार इन दुकानों को कार्यालय के रूप में किराए पर लेने के लिए सीधे मार्केटिंग बोर्ड से संपर्क करें। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एग्रो मॉल भवन किराए पर लेने के संबंध में इच्छुक विभाग सचिवालय की प्रशासनिक अधिकारी शाखा से कोई पत्राचार न करें और इस प्रक्रिया के लिए सीधे कृषि विपणन बोर्ड से संपर्क करें।