जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच हरियाणा में नागरिक 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन पोर्टल के जरिए स्व-गणना कर सकेंगे। रेवाड़ी में जनसंख्या गणना 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी, जबकि एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण दौर होगा। उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि गणना का काम स्कूल शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को सौंपा जाएगा।

स्व-गणना के दौरान नागरिक पोर्टल पर अपने परिवार की जरूरी जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे। जनगणना-2027 की प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से चलाई जा रही है। प्रगणक स्मार्टफोन पर उपलब्ध निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन से आंकड़े दर्ज करेंगे, जबकि जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से काम की प्रगति, प्रशासनिक समन्वय और क्षेत्रीय निगरानी मजबूत की जाएगी।

गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली से हर व्यक्ति की जानकारी ली जाएगी। इस प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे, जिनसे जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा, प्रवास और अन्य निर्धारित विषयों का विवरण जुटाया जाएगा। इन आंकड़ों का इस्तेमाल देश और प्रदेश की विकास योजनाएं बनाने, सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरत आंकने और विभिन्न क्षेत्रों की जनसंख्या संबंधी आवश्यकताएं समझने में किया जाएगा।

जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण और निर्देश दिए जाएंगे। उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि स्व-गणना के दौरान सही और पूरी जानकारी दर्ज करें तथा जनगणना कर्मचारियों के घर-घर पहुंचने पर उन्हें आवश्यक जानकारी देकर सहयोग करें।