फतेहाबाद जिले में नीलगाय और जंगली सूअर किसानों की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वन्यजीवों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को रौंद देते हैं और खा जाते हैं, जिससे हर साल सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद होती है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। गांव बड़ोपल के किसान कपिल कड़वासरा, सोनू, मुकेश और कृष्ण ने बताया कि वन्यजीव रात के समय खेतों में पहुंचते हैं और फसल बर्बाद कर देते हैं। किसानों के अनुसार खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, और फसल तैयार होने से पहले ही नुकसान होने से उनकी आर्थिक स्थिति पर दोहरी मार पड़ती है।

हरियाणा सरकार के वन एवं वन्यजीव विभाग ने 31 मार्च 2020 को पत्र क्रमांक 372-4-2020/1658 जारी कर वन्यजीवों से फसल नुकसान पर मुआवजे की दरें तय की थीं। आदेश के अनुसार फसल को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर किसान मुआवजे के पात्र होंगे। कृषि, बागवानी और वार्षिक वृक्षारोपण फसलों के लिए बरसाती क्षेत्र में 6,800 रुपये और सिंचित क्षेत्र में 13,500 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर निर्धारित है। बरसाती क्षेत्र में न्यूनतम सहायता एक हजार रुपये होगी, जबकि बारहमासी फसलों के लिए 18 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का प्रावधान है। रेशम पालन की विभिन्न श्रेणियों के लिए भी अलग-अलग सहायता राशि तय की गई है। हालांकि, आदेश जारी होने के छह साल से अधिक समय बीतने के बाद भी कई किसानों को इस प्रावधान की जानकारी नहीं है, जिससे वे लाभ से वंचित रह जाते हैं।

मुआवजे के लिए किसान जिला उपायुक्त या उपमंडल अधिकारी को लिखित शिकायत दे सकते हैं। शिकायत में गांव, फसल का नाम, खराब हुए क्षेत्र और खेत का किला व मुरबा नंबर दर्ज करना जरूरी है। किसान को केवल उतने ही क्षेत्र का उल्लेख करना होगा, जितनी फसल वास्तव में खराब हुई है। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ खेत में से दो कनाल फसल खराब हुई है तो शिकायत में दो कनाल का ही विवरण देना होगा।

शिकायत के बाद तहसीलदार या नायब तहसीलदार, राजस्व अधिकारी और वन्यजीव विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से नुकसान का आकलन करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुआवजा स्वीकृत और जारी किया जाएगा। वन्यजीव विभाग के सब इंस्पेक्टर सुरेश भांभू के अनुसार किसान नुकसान होने पर संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दें और उसमें किला नंबर, मुरबा नंबर तथा फसल के खराब हुए वास्तविक क्षेत्र का विवरण अवश्य दर्ज करें।