हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी का वेतन सेवानिवृत्ति के बाद पिछली तारीख से संशोधित होकर बढ़ता है, तो वह संशोधित लीव इनकैशमेंट की अंतर राशि पाने का हकदार है। न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज ने सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता मदन गोपाल ठाकुर की याचिका को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए सरकार को निर्देश दिया कि वह याचिकाकर्ता को संशोधित लीव इनकैशमेंट की राशि याचिका दायर करने की तारीख से भुगतान होने तक छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करे।
याचिकाकर्ता मदन गोपाल ठाकुर ने दिसंबर 1994 में सहायक अभियंता पद पर पदोन्नत होने के बाद एक जनवरी 2009 को 14 साल की सेवा पूरी की थी। वह 28 फरवरी 2014 को अधिशाषी अभियंता के पद से सेवानिवृत्त हुए। सरकार ने एक नवंबर 2014 की अधिसूचना के तहत उन्हें 14 साल की सेवा के बाद मिलने वाला फोर-टियर पे स्केल तो दे दिया, लेकिन इसका वास्तविक वित्तीय लाभ नौ अगस्त 2012 से दिया।
याचिकाकर्ता ने दो मुख्य मांगें रखी थीं। पहली, एक जनवरी 2009 से 31 जुलाई 2012 तक के फोर-टियर स्केल के एरियर (6,94,342 रुपये) का भुगतान किया जाए और दूसरी, बढ़े हुए वेतन के आधार पर संशोधित लीव इनकैशमेंट (2,89,900 रुपये का अंतर) जारी किया जाए। सरकार ने 30 अक्टूबर 2015 को आदेश जारी कर संशोधित लीव इनकैशमेंट की मांग यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि सीसीएस (लीव) रूल्स, 1972 के नियम 39(2)(बी) के तहत लीव इनकैशमेंट एकमुश्त देय होता है और बाद में इसमें संशोधन नहीं किया जा सकता।
सुनवाई के दौरान अदालत ने एक जनवरी 2009 से आठ अगस्त 2012 तक के एरियर की मांग को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा कि सरकार की नौ अगस्त 2012 की अधिसूचना के तहत सभी संबंधित श्रेणियों को 27 अगस्त 2009 से नोशनल और नौ अगस्त 2012 से वास्तविक लाभ दिया गया है और याचिकाकर्ता ने उस अधिसूचना को चुनौती नहीं दी है। हालांकि, संशोधित लीव इनकैशमेंट के मुद्दे पर हाई कोर्ट ने सरकार की दलील को गलत ठहराया। कोर्ट ने कहा कि नियम 39(2)(बी) की यह व्याख्या नहीं की जा सकती कि सेवानिवृत्ति के बाद वेतन बढ़ने पर कर्मचारी को संशोधित लीव इनकैशमेंट से वंचित रखा जाए। अदालत ने 30 अक्टूबर 2015 के अस्वीकृति आदेश को रद करते हुए याचिकाकर्ता को ब्याज सहित बकाया राशि देने के आदेश दिए।
