हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) ने पुणे में कुरुक्षेत्र के एक सिख युवक की संदिग्ध मौत और उसके शव को दफनाए जाने पर कड़ा रोष जताया है। कमेटी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
HSGMC प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीडा ने बताया कि पिहोवा के गांव ठंडपूरा का रहने वाला सुखदेव सिंह (घर का नाम सुखा) पुणे में एक होटल में कुक का काम करता था। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या कर शव दफना दिया गया। झीडा ने कहा कि सिख और हिंदू परंपराओं में मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार किया जाता है, ऐसे में शव को गड्ढा खोदकर दफनाना संदिग्ध है और इसकी जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि इससे सिख धर्म की धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।
जत्थेदार झीडा ने कहा कि वे गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी मामले की पूरी जानकारी दी जाएगी और उनसे मिलकर पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कमेटी का एक प्रतिनिधि मंडल घटनास्थल का मुआयना कर वहां के प्रशासन से बातचीत करेगा।
मृतक की कुरुक्षेत्र निवासी बहन बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या की गई है और जिन लोगों के पास वह काम करता था, उन्होंने ही हत्या कर शव दफनाया है। उन्होंने बताया कि सुखदेव सिंह पिछले 10-12 सालों से पुणे में काम कर रहा था।
