इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) वित्त वर्ष 2026-27 में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में 490 किलोमीटर लंबी नई पीएनजी गैस पाइपलाइन बिछाएगी। इस परियोजना के पूरा होने पर इन क्षेत्रों के करीब 86,000 घरों तक सीधे पाइप से प्राकृतिक गैस पहुंचेगी। इससे उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग और रीफिलिंग के इंतजार से राहत मिलेगी।
पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने इन दोनों जिलों में करीब 180 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई थी, जबकि इस बार लक्ष्य लगभग तीन गुना रखा गया है। गाजियाबाद के लिए आईजीएल की योजना अधिक व्यापक है, जहां 300 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर करीब 38,000 घरों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य है।
परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए कंपनी ने अपने बजट, ठेकेदारों और मैनपावर में इजाफा किया है और बिल्डरों तथा आरडब्ल्यूए से लगातार संपर्क साधा जा रहा है। हालांकि, विभिन्न सरकारी एजेंसियों से एनओसी मिलने में हो रही देरी काम की रफ्तार में रोड़ा बन रही है। नोएडा अथॉरिटी का कहना है कि उसके स्तर पर कोई मंजूरी लंबित नहीं है और आवेदन मिलते ही तुरंत अनुमति दी जाती है। अथॉरिटी ने चिंता जताई कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों और जमीन को लंबे समय तक खुला छोड़ दिया जाता है, जिससे मिट्टी का कटाव होता है और अन्य विभागों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अब तक करीब 9.65 लाख उपभोक्ताओं को पीएनजी से जोड़ चुकी आईजीएल का फोकस अब उन इलाकों पर भी है, जहां मुख्य पाइपलाइन पहले से मौजूद है, लेकिन लोग कनेक्शन नहीं ले पाए हैं। कंपनी ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य लाइन से घर के भीतर तक जाने वाले 5 से 10 मीटर के छोटे कनेक्शन यानी लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए बार-बार अनुमति लेने के बजाय एकमुश्त या ब्लैंकेट परमिशन दी जाए। कंपनी का मानना है कि कागजी प्रक्रिया सरल होने से आम नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित और किफायती रसोई गैस मिल सकेगी।
