केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद वेंकटेश जोशी ने रविवार को आईआईएम बोधगया के दूसरे चरण के कैंपस विस्तार और 1.5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पार्क की आधारशिला रखी। इस परियोजना पर करीब 450 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके तहत बोधगया के स्थायी कैंपस का विस्तार किया जाएगा और पटना जिले के बिहटा में संस्थान का नया सैटेलाइट कैंपस विकसित होगा, जो मुख्य कैंपस से करीब 136 किलोमीटर दूर होगा। शिलान्यास समारोह में संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, निदेशक, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
बोधगया परिसर में नया एकेडमिक ब्लॉक 'संघ' बनेगा, जिसमें अत्याधुनिक लेक्चर हाल होंगे। 'नमो निलय' नाम से बहुमंजिला छात्रावास का निर्माण होगा, जिसमें 2104 बेड की व्यवस्था होगी। 'उत्कर्ष' नाम से स्पोर्ट्स एवं वेलनेस जोन विकसित किया जाएगा, जिसमें खेल कोर्ट, आउटडोर फिटनेस एरिया, बैठने की सुविधा और वॉकिंग पाथ बनाए जाएंगे। इन सुविधाओं के संचालन के लिए अलग से सर्विसेज ब्लॉक भी बनेगा। बिहटा में 'सृजन' नाम से एकेडमिक ब्लॉक विकसित होगा, जिसकी गुंबदाकार वास्तुकला विशेष आकर्षण होगी।
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आईआईएम बोधगया की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में महज 30 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ संस्थान आज लगभग 1600 विद्यार्थियों तक पहुंच चुका है। संस्थान ने एनआईआरएफ 2025 की मैनेजमेंट रैंकिंग में 31वां स्थान और देश के आईआईएम संस्थानों में 16वां स्थान हासिल किया है। उन्होंने महाबोधि मंदिर और बोधगया की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे स्थान पर उच्चस्तरीय प्रबंधन शिक्षा का केंद्र विकसित होना गौरव की बात है। उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने में संस्थान की भूमिका की सराहना की और बताया कि 7000 से अधिक छोटे उद्यमियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई है।
संस्थान की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय ने स्वागत संबोधन में आईआईएम बोधगया की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला और भारत सरकार तथा मगध विश्वविद्यालय के सहयोग के प्रति आभार जताया। रिलायंस रिटेल के सीईओ एवं संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य दामोदर मॉल ने कैंपस में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए लाइब्रेरी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और डाइनिंग हॉल जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया। केंद्रीय मंत्री ने शिलापट्ट का अनावरण और भूमि पूजन किया। इससे पहले उन्होंने रविवार की सुबह गयाजी के विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की और बोधगया में महाबोधि मंदिर में तथागत को नमन किया।
