मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ में इंडियन नेशनल माइन वर्कर्स फेडरेशन (इंटक) के 33वें राष्ट्रीय अधिवेशन का रविवार को अंतिम सत्र शुरू हुआ। तीन दिवसीय अधिवेशन में संगठन के नए नेतृत्व, कमेटी के पुनर्गठन और कोयला उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जेबीसीसीआई सदस्य जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह तीसरी बार राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जा सकते हैं। उनके नाम की सर्वसम्मति से घोषणा की संभावना है और अंतिम सत्र में इसका प्रस्ताव लाया जाएगा। पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के बाद अनूप सिंह को अध्यक्ष की कमान सौंपी गई थी।

अधिवेशन में नई कमेटी के गठन पर विशेष जोर है। फेडरेशन के कई वरिष्ठ नेताओं के निधन से विभिन्न पद रिक्त हो गए हैं, जिनमें पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक, गिरिजाशंकर पांडेय, एमडी विश्वकर्मा और महेंद्र विश्वकर्मा सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। इन रिक्त पदों को नई कमेटी के गठन के दौरान भरा जाएगा। वरिष्ठता और संगठन में योगदान के आधार पर अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देने के साथ नई पीढ़ी के श्रमिक नेताओं को भी आगे लाने की तैयारी है।

अधिवेशन में कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों की नीतियों, कोयला क्षेत्र में निजीकरण की संभावनाओं, आउटसोर्सिंग, बढ़ती ठेका प्रथा और मैनपावर की स्थिति जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा चारों लेबर कोड के संभावित प्रभाव, श्रमिक संगठनों के अधिकार, सामूहिक सौदेबाजी और सामाजिक सुरक्षा पर भी प्रतिनिधि अपनी बात रख रहे हैं। जेबीसीसीआई के गठन में हो रही देरी भी अधिवेशन के प्रमुख मुद्दों में शामिल है। प्रतिनिधियों का मानना है कि इस विलंब से कोयला कामगारों के आगामी वेतन समझौते की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि कोयला मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करता रहा है और मजदूरों के अधिकारों से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोयला क्षेत्र को निजीकरण की दिशा में ले जाने की कोशिश हो रही है, जिससे सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार की स्थिरता और श्रमिकों के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। अधिवेशन में बीसीसीएल, ईसीएल, एमसीएल, सीसीएल, डब्ल्यूसीएल, एनसीएल, एसईसीएल, सीएमपीडीआईएल और मेटल सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि शामिल हैं।