तेल अवीव में 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी के मौके पर इजरायली रणनीतिक हलकों में भारत की बढ़ती भूमिका पर चर्चा हो रही है। 'द जेरूसलम पोस्ट' में इजरायल की जियो-पॉलिटिकल एक्सपर्ट डॉ. लॉरेन डेगन एमॉस ने लिखा है कि 18 साल पहले पाकिस्तानी आतंकवादियों ने मुंबई पर बड़ा हमला किया था, जिसमें यहूदियों के सेंटर्स को भी निशाना बनाया गया। नरीमन हाउस पर हमला इस बात का सबूत था कि भारत और इजरायल एक जैसे आतंकवाद के निशाने पर हैं। उनके मुताबिक, अब भारत सिर्फ मित्र देश नहीं, बल्कि इजरायल के भविष्य के लिए एक अपरिहार्य ताकत बन चुका है।

डॉ. एमॉस ने तर्क दिया है कि 26/11 का हमला हो या 7 अक्टूबर 2023 को हमास का हमला, दोनों देश एक तरह के आतंकवाद का सामना कर रहे हैं। मुंबई हमलों ने भारत की सुरक्षा में गंभीर खामियों को उजागर किया था, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) बनाकर भारत ने सुधार की कोशिश की। उन्होंने लिखा है कि आतंकवाद पर भारत की प्रतिक्रिया के तरीके में बड़ा बदलाव आया है और इजरायल भारत से बहुत कुछ सीख सकता है। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की प्रतिक्रिया ने दिखाया कि सीमा पार आतंकवाद का जवाब सैन्य प्रतिक्रिया से दिया जाएगा।

लेख के मुताबिक, इजरायल के नजरिए से भारत-पाकिस्तान संघर्ष का अहम पहलू चीन से जुड़ा है। SIPRI की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने लिखा है कि 2021 से 2025 तक पाकिस्तान के पारंपरिक हथियारों में चीन की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत है। इसीलिए भारत के लिए चुनौती अब पाकिस्तान ही नहीं, चीन भी है।

डॉ. एमॉस का कहना है कि भारत-इजरायल संबंधों का आधार रक्षा सहयोग रहा है, लेकिन अब भारत को सिर्फ बड़े ग्राहक के तौर पर नहीं देखा जाता। भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और घरेलू औद्योगिक क्षमता विकसित कर रहा है। इजरायल लगातार संघर्षों के कारण हथियारों के उत्पादन की समस्या से जूझ रहा है, ऐसे में दोनों देश 'मेक इन इंडिया' के तहत संयुक्त रूप से ड्रोन, मिसाइल सिस्टम और आधुनिक निगरानी उपकरण बना रहे हैं। उन्होंने लिखा है कि जब पश्चिमी देशों में इजरायल को लेकर राजनीतिक दबाव और हथियारों की सप्लाई पर प्रतिबंध लग रहे हैं, तब भारत एक स्थिर, व्यावहारिक और भरोसेमंद साझेदार के रूप में सामने आया है।