जयपुर के वैशाली नगर इलाके में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल 34 वर्षीय कैफे संचालक मयंक गोपालिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिर पर चोट लगने के बाद वे पिछले 11 दिनों से एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, वारदात की वजह यह थी कि मयंक ने अपने कैफे में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी के दोस्त को वहां बार-बार आने से टोका था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया। वैशाली नगर थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच के अनुसार, वैशाली नगर निवासी मयंक गोपालिया वैशाली मार्ग पर 'ओवन द बेकरी' नाम से कैफे चलाते थे। उनके कैफे में काम करने वाली एक युवती का दोस्त मोहम्मद शाहरुख आए दिन उससे मिलने कैफे पहुंच जाता था। मयंक को शाहरुख का इस तरह रोज कैफे आना पसंद नहीं था और उन्होंने इस पर आपत्ति जताई थी। 5 नवंबर को दिन में भी इसी बात को लेकर मयंक और शाहरुख के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस समय शाहरुख ने मयंक को जान से मारने की धमकी दी थी और वहां से चला गया था।

वैशाली नगर थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि 5 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे मयंक अपना कैफे बंद कर पैदल ही घर लौट रहे थे। कैफे से कुछ ही दूरी पर एक गली के मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने पीछे से दौड़कर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर वार होने से मयंक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, लेकिन हमलावर उन पर डंडे बरसाते रहे। जब बदमाशों को लगा कि मयंक की मौत हो चुकी है, तो वे बाइक और स्कूटी पर सवार अपने अन्य साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।

हमलावरों के भागने के बाद मयंक किसी तरह गंभीर और लहूलुहान हालत में एक गली दूर स्थित अपने घर तक पहुंचे। उनकी हालत देख घबराए परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए सिर का ऑपरेशन किया। तभी से उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन सोमवार रात उनकी सांसें थम गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस इस प्रकरण में मुख्य आरोपी मोहम्मद शाहरुख, अकमान और मोहम्मद रसीद उर्फ अल्तमस को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन पर अब हत्या की धारा के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।