जालंधर के लद्देवाली रोड स्थित अमर आर्ट एंड ऑन एकेडमी में सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है और अकादमी के मालिक भी इसकी वजह नहीं बता पाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। थाना नांगल शामा की पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग के दौरान अकादमी के अंदर से धमाकों जैसी तेज आवाजें सुनाई दीं। लोगों का कहना था कि आवाजें ऐसी थीं जैसे अंदर सिलेंडर फट रहे हों। आवाजें सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। फायर ब्रिगेड द्वारा आग पर काबू पाने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।