जमशेदपुर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में 210 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और ₹14.16 लाख जुर्माना वसूला गया है।

सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान सितंबर महीने के आंकड़े भी सामने आए। जानकारी के अनुसार, सितंबर में हुई 23 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मौत हुई।

प्रशासन की यह कार्रवाई यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्ती के तौर पर देखी जा रही है। उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर दिए गए निर्देशों के पालन पर जोर दिया है।