जमुई के खैरा थाना क्षेत्र में चार दिनों से लापता 25 वर्षीय रोहित मांझी का शव गुरुवार को गांव से सटे जंगल में मिला। परिजनों के अनुसार, 16 नवंबर की रात गांव के ही राजू मांझी और सुबोध मांझी उसे धान की फसल देखने के बहाने घर से साथ ले गए थे। अगली सुबह दोनों युवक लौट आए, लेकिन रोहित नहीं पहुंचा। पत्नी ममता देवी ने खैरा थाने में लिखित आवेदन देकर दोनों पर अप्रिय घटना की आशंका जताई थी। पुलिस हत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में घर से बुलाकर ले जाए जाने के बाद चार दिनों से लापता चल रहे एक युवक का शव गुरुवार को गांव से सटे जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित मांझी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर स्वजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर हत्या सहित कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 7:30 बजे गांव के ही राजू मांझी और सुबोध मांझी धान की फसल देखने की बात कहकर रोहित मांझी को घर से अपने साथ ले गए थे। 17 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे दोनों युवक अपने-अपने घर लौट आए, लेकिन रोहित वापस नहीं पहुंचे। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, परंतु उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका। पति का पता न चलने पर रोहित की पत्नी ममता देवी ने खैरा थाने में लिखित आवेदन दिया, जिसमें उन्होंने दोनों व्यक्तियों पर अपने पति के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की आशंका जताई और पुलिस प्रशासन से शीघ्र बरामदगी की गुहार लगाई थी।
गुरुवार को जंगल में शव मिलने के बाद मामला और भी गंभीर व संदिग्ध हो गया है। सूचना पर खैरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि हत्या की आशंका सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है और नामजद संदिग्धों की भूमिका की भी जांच हो रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा गहन जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
