बिहार के विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 का आयोजन इस बार 22 नवंबर से 23 दिसंबर तक किया जाएगा। मेला गंगा और गंडक नदियों के संगम के निकट हरिहर क्षेत्र में लगता है। जिला प्रशासन की योजना के मुताबिक, इस बार मेले में एक विशेष फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है, जहां राज्य के सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों और श्रद्धालुओं को एक ही परिसर में बिहार की खान-पान संस्कृति और विविधता का अनुभव कराना है।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने फूड कोर्ट में सभी 38 जिलों के प्रतिनिधि व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित जिलों के पदाधिकारियों से संपर्क और समन्वय किया जा रहा है। फूड कोर्ट में भोजपुर की मशहूर लिट्टी से लेकर मिथिलांचल के खास पिट्ठे तक का स्वाद मिलेगा। प्रशासन ने संबंधित जिलों को पत्र भेजकर सहभागिता के लिए आमंत्रित किया है और विज्ञापन के माध्यम से इच्छुक वेंडरों व संस्थाओं को भी इस पहल से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे स्थानीय वेंडरों, छोटे कारोबारियों और खाद्य उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का मंच भी उपलब्ध होगा।
मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने काम तेज कर दिया है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मुख्य पंडाल, प्रशासनिक भवन, विशिष्ट अतिथि भवन और विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से मेला तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की संभावित यात्रा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। उल्लेखनीय है कि सोनपुर मेला कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होता है, जिसमें धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति, पर्यटन और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
