जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने गुरुवार को इन नामों की घोषणा की। पार्टी नेतृत्व ने विचार-विमर्श के बाद तीनों सीटों पर प्रत्याशी तय किए हैं।
राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बाबागंज सीट से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा विधायक विनोद सरोज को प्रत्याशी बनाया गया है। विश्वनाथगंज सीट से पार्टी के लखनऊ मंडल प्रभारी कुलदीप पटेल को टिकट दिया गया है।
कुलदीप पटेल की पत्नी माधुरी पटेल वर्तमान में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की ओर से प्रतापगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। कुलदीप पटेल परमेश्वर प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज मालाधर छत्ता के प्रधानाचार्य भी हैं। वह 2010 में मालाधर छत्ता से क्षेत्र पंचायत सदस्य और 2015 में उसी ग्राम पंचायत से ग्राम प्रधान चुने जा चुके हैं।
कुंडा विधानसभा क्षेत्र रघुराज प्रताप सिंह का राजनीतिक गढ़ रहा है। वह 1993 से लगातार इस सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए सात बार विधायक चुने जा चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने कुंडा और बाबागंज दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। अब प्रतापगढ़ की अन्य विधानसभा सीटों पर पार्टी के अगले फैसले का इंतजार है।
