जौनपुर का इत्र उद्योग करीब तीन दशक पहले तक खाड़ी देशों में निर्यात होता था, लेकिन समय के साथ किसानों का रुझान बदलने से यह उद्योग मंदी की चपेट में आ गया। अब सरकार इस ऐतिहासिक पहचान को फिर से जीवित करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए फूलों की खेती को प्रोत्साहित कर रही है। उद्यान विभाग और शासन स्तर पर चल रही योजनाओं के तहत किसानों को बेला, गुलाब और चमेली की व्यावसायिक खेती के लिए अनुदान दिया जा रहा है। मकसद है कि आधुनिक तकनीक और वित्तीय सहायता के जरिए किसानों को दोबारा पारंपरिक पुष्प कृषि की ओर लौटाया जाए।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा के अनुसार, पारंपरिक फसलों की तुलना में फूलों की खेती कम समय और कम लागत में अधिक मुनाफा देती है। इससे जौनपुरी इत्र की महक दोबारा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की उम्मीद है और जिले के युवाओं व किसानों के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। जिले में गेंदा, ग्लेडियोलस तथा गुलाब-रजनीगंधा के प्रस्तावित क्लस्टर बनाकर किसानों को प्रशिक्षण, उन्नत पौध और कट फ्लावर विपणन की सुविधाएं देने की तैयारी है। इससे ग्रामीण युवाओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को भी लाभ मिलने की संभावना है।

सिरकोनी, खानपुर अकबर और जमालपुर (करंजाकला) में ग्लेडियोलस; चाचकपुर (धर्मापुर) में गेंदा तथा रामनगर और रामपुर क्षेत्र में गेंदा व गुलाब का उत्पादन प्रमुखता से हो रहा है। नगर के सिपाह, चौकियां, चाचकपुर और हुसैनाबाद स्थानीय बिक्री केंद्र हैं, जबकि ताजे फूल सड़क परिवहन से वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर और प्रमुख मंडियों तक भेजे जा रहे हैं।

रामपुर (मुंगराबादशाहपुर) के किसान अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ में गेंदा की खेती की है और फूलों की बिक्री से करीब एक लाख रुपये की आमदनी का अनुमान है। धौरहरा के राम सूरत पटेल को किसान दिवस के अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से ग्लेडियोलस के बीज निश्शुल्क मिले हैं, जिनसे वह करीब 10 बिस्वा क्षेत्रफल में फूलों की खेती कर रहे हैं। बुमकहां (सरपतहां) के हरीराम ने बताया कि गेंदा के फूल स्थानीय चौषठी देवी धाम के मालियों को बेचे जाते हैं। शादी-विवाह के सीजन में इनका भाव लगभग दो सौ रुपये प्रति किलो मिल रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह 120 से 150 रुपये प्रति किलो बिकता है।