जौनपुर में जिलाधिकारी बदल गए हैं। स्थानांतरणाधीन विशेष सचिव नगर विकास उमेश मिश्रा जौनपुर के 61वें जिलाधिकारी होंगे। वह इससे पहले मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा और कुशीनगर जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। मिश्रा मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक और लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की उपाधि प्राप्त की है। वर्ष 2012 में पीसीएस अधिकारी के रूप में सिविल सेवा में प्रवेश करने वाले मिश्रा को वर्ष 2018 में आइएएस संवर्ग में पदोन्नति मिली थी। आइएएस में पदोन्नति के बाद शासन ने उन्हें विशेष सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। वर्ष 2024 में उन्हें मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया था, जहां उनका कार्यकाल करीब 26 महीने रहा। इससे पहले वह बिजनौर में दो साल से अधिक समय तक जिलाधिकारी रहे थे।

निवर्तमान जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन का तबादला कर उन्हें अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग) सहकारी समितियां के पद पर तैनाती दी गई है। सैमुअल पाल एन ने छह महीने 11 दिन तक जौनपुर में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान स्वास्थ्य और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में उनके कार्य सराहनीय रहे। विद्यालयों में निरीक्षण के दौरान वह कई बार शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए।