झांसी की एक अदालत ने भूमि विवाद में हुई हत्या के मामले में दो सगे भतीजों समेत सात दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश (अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम) नेत्रपाल सिंह ने सोमवार को गोविन्द दास अहिरवार हत्याकांड के सभी सात अभियुक्तों पर हत्या का आरोप सिद्ध होने पर यह सजा दी। अदालत ने हर दोषी पर 72-72 हजार रुपए का अर्थदण्ड भी लगाया है। सुरेश चन्द्र राय पर एससीएसटी अधिनियम की सजा बढ़ाए जाने के कारण 50 हजार रुपए का अतिरिक्त अर्थदण्ड लगाया गया। इस तरह सभी अभियुक्तों पर कुल 6.26 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे विशेष लोक अभियोजक केशवेन्द्र प्रताप सिंह और कपिल करोलिया के अनुसार थाना लहचूरा पुलिस को दी गई तहरीर में शीला अहिरवार निवासी खरकामाफ ने बताया था कि उनके पति गोविन्द दास अहिरवार उर्फ राजू का उनके भतीजे मनोज और नीरज से जमीन संबंधी मुकदमा चल रहा था। इसके चलते नीरज और मनोज के साथ सुरेश चन्द्र राय और उनके प्रधान भाई से चुनावी रंजिश भी मानी जा रही थी। आरोप था कि इन लोगों ने कई बार गैंग बनाकर उनके पति के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी।

पांच जनवरी 2025 को शाम करीब पांच बजे गोविन्द दास खेत से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कछरा वाली गली के पास मनोज, नीरज, लाल सिंह उर्फ डाल चन्द्र, मिथ्या उर्फ मिथलेश, बालादीन, अम्मू उर्फ अमोल उर्फ रामनारायण और सुरेश चन्द्र राय ने मिलकर उन्हें रोका और गाली-गलौच करते हुए घेर लिया। सभी ने लाठी-डण्डों और कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वादिया पुष्पेन्द्र सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की। डायल 112 पर घटना की सूचना दी गई। घायल गोविन्द दास को उपचार के लिए मऊरानीपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना लहचूरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया।

अदालत ने चार अप्रैल 2026 को मुकदमे को संज्ञान में लिया और लगभग सात महीनों में कार्यवाही पूरी कर फैसला सुना दिया। बताया गया कि मामले में कुछ आरोपियों को उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद वादिया ने उसे उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले के त्वरित निस्तारण का आदेश दिया और मुकदमे पर निगरानी रखी गई। मामले की विवेचना कर रहे तत्कालीन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकान्त गौतम ने सीसीटीवी फुटेज, वादिया के बयान और गवाहों से गोपनीय पूछताछ के आधार पर प्रधान अखिलेश राय की नामजदगी गलत पाते हुए उनका नाम मामले से हटा दिया था। अदालत ने इस मामले में एक गवाह के पक्षद्रोही होने के बावजूद सजा सुनाई।