झारखंड के झरिया स्थित बागडिगी कोलियरी में वर्ष 2001 की खदान दुर्घटना में जान गंवाने वाले 29 श्रमिकों के ऐतिहासिक शहीद स्तंभ को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्स्थापना के मशीनों से ध्वस्त किया जा रहा है। क्षेत्र में संचालित सुशी आउटसोर्सिंग परियोजना के विस्तारीकरण के नाम पर यह कार्रवाई की जा रही है। स्तंभ पर लगे शिलापट्ट, जिन पर 29 शहीदों के नाम अंकित थे, उखाड़ दिए गए हैं। इससे कोयलांचल के लोगों में आक्रोश है।

बताया जाता है कि 2 फरवरी 2001 को दोपहर करीब 12 बजे लोदना क्षेत्र की बागडिगी कोलियरी की 12 नंबर खदान में तेज धमाके जैसी आवाज हुई थी। वर्ष 1962 से संचित पुराने डैम का बांध टूटने से पानी तेज रफ्तार से खदान के भीतर घुस गया था, जिसमें 29 श्रमिकों की जान गई थी। इसी हादसे में फंसे श्रमिक सलीम अंसारी ने सात दिनों तक खदान के भीतर रहकर जिंदगी की जंग लड़ी थी और सुरक्षित बाहर निकले थे।

क्षेत्रीय सलाहकार समिति, लोदना क्षेत्र के सदस्य बिहारी लाल चौहान ने कहा कि बिना पूर्व सूचना या पुनर्स्थापना के स्मारक पर मशीन चलाना मजदूर वर्ग की भावनाओं को कुचलने जैसा है। उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन जरूरी है, लेकिन शहीदों की अस्मिता और सम्मान की कीमत पर नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले को बीसीसीएल के उच्चाधिकारियों और जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा।

लोदना क्षेत्रीय भीटीसी केन्द्र के प्रबंधक रविन्द्र कुमार ने आश्वासन दिया कि शहीद स्थल को जल्द ही ससम्मान नए स्थान पर स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों का सम्मान बीसीसीएल परिवार के लिए सर्वोपरि है।