झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने साहिबगंज जिले में चौकीदार नियुक्ति मामले में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित चार प्रतिशत पदों को 12 सप्ताह के भीतर भरने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में निर्धारित पात्रता और चयन की शर्तें पूरी करने वाले दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित नहीं रखा जा सकता। यह आदेश फूलचंद मुर्मू एवं अन्य की ओर से दायर याचिका पर दिया गया।
साहिबगंज जिले में 2024 में चौकीदार के कुल 315 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे और विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित किए गए थे। याचिकाकर्ताओं ने लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों में सफलता पाई थी, फिर भी उनकी नियुक्ति नहीं की गई। जिला प्रशासन ने दिव्यांग अभ्यर्थियों के आरक्षित पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया अगले आदेश तक स्थगित कर दी थी। याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता शुभम मिश्रा और हर्ष चंद्र ने अदालत को बताया कि केवल नियुक्ति प्रक्रिया स्थगित रखने के आधार पर उनके अधिकारों को रोका नहीं जा सकता।
राज्य सरकार ने अदालत में कहा कि दिव्यांग अभ्यर्थियों की नियुक्ति और उनके शारीरिक दक्षता परीक्षण को लेकर कोई विशिष्ट नियम निर्धारित नहीं है, इसी कारण साहिबगंज के उपायुक्त ने राज्य सरकार से मार्गदर्शन मांगा था। सरकार ने यह भी कहा कि नियुक्ति वर्ष 2015 के नियमों के तहत होनी है और दिव्यांग अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट देने का कोई स्पष्ट प्रविधान नहीं है।
एक अन्य मामले में अदालत ने बोकारो जिले के चास प्रखंड में 25 वर्षों से अधिक समय से दैनिक वेतनभोगी चालक के रूप में कार्यरत बेला पद बाउरी को राहत देते हुए राज्य सरकार और बोकारो जिला प्रशासन को उनकी सेवा 12 सप्ताह के भीतर नियमित करने तथा इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करने का निर्देश दिया है। बाउरी वर्ष 2001 से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चास के अधीन चालक के पद पर कार्यरत हैं। वर्ष 2015 की नियमितीकरण नियमावली के तहत वर्ष 2017 में बोकारो के उपायुक्त की ओर से तैयार पैनल में उनका नाम तीसरे स्थान पर शामिल किया गया था, लेकिन वर्ष 2020 में तैयार पैनल में 13 मार्च 2020 को उनका दावा इस कारण खारिज कर दिया गया कि उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकार यानी उपायुक्त की ओर से नहीं, बल्कि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की गई थी। राज्य सरकार ने अदालत में दलील दी कि याचिकाकर्ता की नियुक्ति स्वीकृत पद के विरुद्ध नहीं हुई थी और उनकी नियुक्ति सक्षम प्राधिकार द्वारा भी नहीं की गई थी, इसलिए वह वर्ष 2015 की नियमितीकरण नियमावली की शर्तों को पूरा नहीं करते हैं। सुनवाई के बाद हाई कोर्ट ने 13 मार्च 2020 के आदेश के उस हिस्से को निरस्त कर दिया, जिसके तहत याचिकाकर्ता का नियमितीकरण का दावा खारिज किया गया था।
